विशेष संवाददाता, रायपुर/जीपीएम 27 जून।
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर एक्शन
- देवराजपारा, बंधी और सिलपहरी में खनिज माफियाओं में हड़कंप
- कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने मारा छापा, वाहन पुलिस लाइन में कराए गए खड़े
- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब धरातल पर साफ दिखने लगा है। प्रदेश की खनिज संपदा की लूट करने वाले माफियाओं के खिलाफ राज्य सरकार ने अपनी रणनीति बेहद आक्रामक कर दी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली गुप्त शिकायत को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने छापामार कार्रवाई कर 3 जेसीबी मशीनें और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस कार्रवाई के बाद कड़े लहजे में कहा है कि प्रदेश में खनिज संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर त्वरित एक्शन
शासन के सूत्रों के मुताबिक, जीपीएम जिले के कुछ इलाकों में बडे़ पैमाने पर मुरूम, मिट्टी और रेत के अवैध कारोबार की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई थी। मुख्यमंत्री सचिवालय से मिले कड़े निर्देशों के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने बिना वक्त गंवाए जिला खनिज उड़नदस्ता दल को तत्काल मौके पर रवाना होने के निर्देश दिए।
तीन अलग-अलग इलाकों में दी गई दबिश
खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए जिले के तीन संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी:
- देवराजपारा-सधवानी क्षेत्र: यहाँ खनिज मुरूम और मिट्टी का धड़ल्ले से अवैध उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने घेराबंदी कर मौके से 2 जेसीबी मशीनें जब्त कीं।
- बंधी-बचरवार क्षेत्र: इस इलाके में भी अवैध खनन की पुष्टि हुई, जहाँ से 1 जेसीबी मशीन को टीम ने अपने कब्जे में लिया।
- सिलपहरी क्षेत्र: नदी और तटीय इलाकों से रेत का अवैध परिवहन धड़ल्ले से जारी था। खनिज विभाग की टीम ने घेराबंदी कर रेत से लदे 3 ट्रैक्टर वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा।
माफियाओं में हड़कंप, पुलिस लाइन भेजे गए वाहन
प्रशासन की इस अचानक और ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनिज माफियाओं और अवैध परिवहनकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। कई ऑपरेटर वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। खनिज विभाग ने जब्त की गई सभी 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टरों को सुरक्षित रूप से अमरपुर स्थित पुलिस लाइन में खड़ा करवा दिया है। इन सभी वाहनों के मालिकों और ऑपरेटरों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
“संसाधनों की लूट नहीं होगी बर्दाश्त”
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जिले में प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह की औचक कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर वाहनों को राजसात करने जैसी कड़ी कार्रवाई से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।
