Month of Solar’ में छत्तीसगढ़ का जलवा, राष्ट्रीय स्तर पर किया नाम रोशन

रायपुर, 2 जून 2026: छत्तीसगढ़ ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत आयोजित “Month of Solar” अभियान में छत्तीसगढ़ को देश में दूसरा स्थान मिला है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को ‘पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऊर्जा विभाग, क्रेडा (CREDA), विद्युत वितरण कंपनियों और सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है।

वेंडर रजिस्ट्रेशन में देश में दूसरा स्थान

छत्तीसगढ़ को यह राष्ट्रीय पुरस्कार ‘मध्यम उपभोक्ता आधार’ (Medium Consumer Base) वाले राज्यों की श्रेणी में मिला है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य में रिकॉर्ड संख्या में सौर ऊर्जा वेंडरों का पंजीकरण (Vendor Registration) किया गया। वेंडर्स की भारी संख्या के कारण उपभोक्ताओं के लिए अपने घरों में सोलर पैनल लगवाना बेहद आसान और सुलभ हो गया है।

हरित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और हरित राज्य (Green State) बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

क्या है पीएम सूर्यघर योजना?

इस योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर पैनल (Rooftop Solar) लगाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है और ग्रिड में अतिरिक्त बिजली बेचकर आमदनी भी होती है। छत्तीसगढ़ में क्रेडा और बिजली कंपनियों ने मिलकर इस योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया था, जिसके सुखद परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *