राजनांदगांव, 2 जुलाई 2026// पीएम सूर्य घर योजना: राजनांदगांव के साहू परिवार ने किया कमाल, होटल का बिजली बिल हुआ ‘शून्य’
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही है। राजनांदगांव जिले के ग्राम गठुला में ‘टीकम होटल’ चलाने वाले अंकालु राम साहू और उनके पुत्र कुंदन साहू इसके सबसे बड़े उदाहरण बन गए हैं। व्यवसाय के कारण हर महीने आने वाले 4 से 5 हजार रुपये के भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान इस परिवार ने सौर ऊर्जा को अपनाया और आज उनका बिजली बिल पूरी तरह ‘शून्य’ हो चुका है।

आधे से ज्यादा मिली सब्सिडी
साहू परिवार ने अपने घर पर 3-3 किलोवाट क्षमता के दो सोलर रूफटॉप प्लांट लगवाए। इस पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 4 लाख रुपये आई। योजना की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से कुल 2 लाख 16 हजार रुपये की भारी सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
उपभोक्ता से बने उत्पादक, अब होगी कमाई
सोलर प्लांट चालू होने के बाद से परिवार को अब बिजली बिल की कोई चिंता नहीं है। नेट मीटरिंग सिस्टम की बदौलत घर और होटल की जरूरत के बाद जो अतिरिक्त बिजली बचती है, उसे सीधे ग्रिड में भेजा जा रहा है। इससे साहू परिवार अब सिर्फ बिजली का उपभोक्ता नहीं रहा, बल्कि बिजली बेचकर अतिरिक्त कमाई करने वाला उत्पादक भी बन गया है।
आम जनता के लिए बड़ी सीख
साहू परिवार ने इस बेहतरीन बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने का भी एक शानदार जरिया है।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत सरकार न सिर्फ आकर्षक सब्सिडी दे रही है, बल्कि बैंकों के जरिए बहुत कम ब्याज दर पर लोन भी उपलब्ध करा रही है, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति आसानी से स्वच्छ और सस्ती बिजली से जुड़ सके।
