रायपुर 2 जुलाई । कमजोर मानसून की आशंका के बीच किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाया है कि विपरीत मौसम में भी सरकार उनके साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग की ओर से पहले ही यह संकेत दिए जा चुके हैं कि ‘अल नीनो’ के प्रभाव के कारण इस बार मानसून थोड़ा कमजोर रह सकता है। इस स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग के माध्यम से लगातार किसानों तक जरूरी जानकारियां और सतर्कता संदेश पहुंचाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी खेती-बाड़ी की समुचित योजना तैयार करें। सरकार का प्रयास है कि किसानों को सही समय पर सही सलाह और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें, ताकि मानसून की बेरुखी का असर फसलों पर कम से कम पड़े। कृषि विभाग को भी मुस्तैद रहने और हर जिले में किसानों की मदद के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
