वीर सावरकर का जीवन अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा की अमर गाथा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

  • देशहित को सर्वोपरि रखने का विचार पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा: मुख्यमंत्री
  • वीर सावरकर की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रायपुर, 28 मई (वि.)।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महान क्रांतिकारी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सादर नमन किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वाधीनता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्र-प्रथम के संकल्प को याद किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वीर सावरकर के संघर्षों को रेखांकित करते हुए कहा, “भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सावरकर जी का जीवन अदम्य साहस, त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और अटूट संकल्प की एक अमर गाथा है। कड़े संघर्षों और विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित के प्रति उनकी अडिग प्रतिबद्धता देश की आने वाली पीढ़ियों को युगों-युगों तक प्रेरित करती रहेगी।”

‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार हर नागरिक की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर का ‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार आज भी बेहद प्रासंगिक है। यह विचार हर भारतवासी को अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर देशहित को सर्वोपरि रखने की सीख देता है। उनका पूरा जीवन समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ राष्ट्रसेवा का एक अद्वितीय उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अंत में कहा कि वीर सावरकर जी का तपस्वी, संघर्षपूर्ण और देशभक्ति से ओत-प्रोत जीवन सभी देशवासियों के हृदय में हमेशा राष्ट्रप्रेम की अलख जगाए रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *